इटावा में 1108 कुंडीय महायज्ञ के निमित्त निकली वेद भगवान की भव्य शोभायात्रा

इटावा। शहर के हिंदू हॉस्टल प्रांगण में 7 नवंबर से आयोजित होने वाले 1108 कुंडीय मृत्युंजय पीतांबरा महायज्ञ के सफल आयोजन हेतु शनिवार को नगर में वेद भगवान की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में भक्त श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएँ, माँ पीतांबरा और वेद भगवान के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए।

​यात्रा से पूर्व, यज्ञस्थल रामलीला मैदान के बगल में, यज्ञाधीश श्री रामदास जी महाराज ने चारों वेद (ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद) को फूलों और पुष्प लताओं से सजी सुंदर पालकी पर स्थापित कर आचार्यों के मंत्रोच्चार के साथ उनका पूजन किया और सभी के कल्याण की कामना की।

​नगर में जगह जगह हुआ यात्रा का भव्य स्वागत

​यज्ञस्थल से ढोल-नगाड़ों और भजन-संकीर्तन के साथ निकली पालकी को भक्त श्रद्धालुओं ने कांधे पर उठाया। पीले रंग की ध्वज-पताकाएं लिए माताओं, बहनों और बेटियों की भारी संख्या में उपस्थिति ने यात्रा को भक्तिमय बना दिया। यात्रा रामलीला रोड से शुरू होकर भारों वाला चौराहा, तहसील चौराहा, बलदेव चौराहा, राजागंज चौराहा, पचराहा, कोतवाली चौराहा, नगर पालिका चौराहा, तिकोनिया, नौरंगाबाद चौराहा, साबितगंज चौराहा, रामगंज चौराहा, कटरा सेवाकली और तकिया आजादगान होते हुए पक्का बाग चौराहा से पुनः यज्ञशाला पर पहुँची।

​मार्ग में जगह-जगह भक्त श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। अनेक स्थानों पर लोगों ने वेद भगवान का पूजन-आरती कर प्रसाद वितरित किया।

​”जन-जन के कल्याण के लिए निकली यह यात्रा”

​इस अवसर पर उपस्थित भक्तों को संबोधित करते हुए यज्ञाधीश श्री रामदास जी महाराज ने कहा कि वेद भगवान की यह यात्रा जन-जन के कल्याण के लिए निकाली जा रही है, और जो भी भक्त वेद भगवान का दर्शन-पूजन करेंगे, उनका जीवन मंगलमय बनेगा।

​उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी भक्तों, यज्ञ सेवक कार्यकर्ताओं, विशेषकर यात्रा में भारी संख्या में सहभाग करने वाली महिलाओं, माताओं, बहनों और बेटियों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अगली यात्रा: यज्ञ समिति ने बताया कि रविवार, 27 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी में वेद भगवान की यात्रा निकाली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *