जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर में बुधवार को क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के नेतृत्व में, मिशन शक्ति अभियान साइबर अपराध से बचाव तथा यातायात नियमों को लेकर महिलाओं बालिकाओं व ग्रामीणों को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर जागरूक किया गया।इसमें महिलाओं, युवाओं एवं स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दे जागरूक करना है।महिलाओं को 1090,112, 181 एवं 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया और किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।साइबर जागरूकता सत्र के दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल भुगतान में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश से सतर्क रहने की सलाह और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।ट्रैफिक जागरूकता के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित कराने की मांग की।
मिशन शक्ति साइबर और ट्रैफिक जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
