डंपर की टक्कर से बाइक सवार पिता और दो मासूम बेटों की दर्दनाक मौत

इटावा। जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहाँ एक अनियंत्रित डंपर की टक्कर से बाइक सवार पिता और उनके दो मासूम पुत्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार खुशी-खुशी एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।

छठी के कार्यक्रम में ​ससुराल जा रहे थे पिता-पुत्र

​जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय विनीत कुमार पुत्र शैतान सिंह निवासी कोरारी खेड़ा अपने दो बेटों, 10 वर्षीय मोहित और 8 वर्षीय निशांत के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सैफई इलाके के भिडरुआ गांव जा रहे थे। विनीत वहां अपनी ससुराल में एक ‘छठी’ के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। जैसे ही उनकी बाइक जसवंतनगर इलाके के जमुना बाग के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।और सड़क पर गिर गए।

पुलिस की तत्परता से भी नहीं बच सकी जान

​हादसे के वक्त गश्त पर निकले जसवंतनगर थानाध्यक्ष कमल भाटी, कांस्टेबल अवनीश कुमार और तरुण कुमार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस टीम ने अपनी कार से बिना समय गंवाए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने परीक्षण के बाद विनीत और उनके दोनों बेटों को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में कोहराम,पुलिस ने डंफर को कब्जे में लिया

​घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एसपी सिटी अभय नाथ ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस अधिकारियों को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए।

​पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की सूचना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *