नशा जागरूकता एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन विषय पर जागरूकता शिविर

जसवंतनगर/इटावा। राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नशा जागरूकता एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन एक कोचिंग संस्थान में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएलवी राजेन्द्र यादव के संयोजन में किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को तो नष्ट करती है परिवार और समाज को भी बर्बादी की ओर ले जाती है। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में यदि युवा सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच को अपना लें, तो वे नशे जैसी बुराइयों से आसानी से दूर रह सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नशे के किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और अपने लक्ष्य को ही जीवन का केंद्र बनाएं।
पीएलवी राजेन्द्र यादव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नशा न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि यह व्यक्ति को अपराध की ओर भी धकेल देता है। नशे से जुड़े मामलों में कानून सख्त है और इससे बचाव ही सबसे बेहतर उपाय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करें।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के संचालक दीपक यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
इस अवसर पर राखी यादव, रुचि, सृष्टि, अंजली, रागिनी, वंदना, साधना, अमन यादव, सतेंद्र कुमार, चंद्रशेखर, आशीष राठौर, सौरभ कुमार, रवीश कुमार सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *