इटावा जनपद के भरथना स्थित सेंट केवलानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली, जिसमें तिरंगा थामे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
विद्यालय के चेयरमैन रोहन सिंह और प्रधानाचार्या कल्पना सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में तिरंगा फहराया गया और बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. रोहन सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे कर्तव्यों और अधिकारों की याद दिलाता है। उन्होंने छात्रों से अपील की, कि वे अनुशासित रहकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। प्रधानाचार्या डॉ. कल्पना सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया गया और मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।
