गृह कलह से तंग युवक फांसी पर झूला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खुमान में मंगलवार सुबह एक 32 वर्षीय युवक ने गृह कलह से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नगला खुमान निवासी अमन कुमार 32 पुत्र राजकिशोर मेडिकल कम्पॉडरी का कार्य करता था। मंगलवार सुबह उन्होंने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उनका पत्नी राखी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया।मृतक अपने पीछे पत्नी राखी और चार वर्षीय पुत्र विहान को छोड़ गए हैं। परिवार में बड़े भाई अवनीश,छोटे भाई कौशलेंद्र तथा मां सरोजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय परिजन घर के बाहर बैठे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *