इंडेन गैस एजेंसी पर अव्यवस्थाएं, घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

जसवंतनगर। नगर के बस स्टैंड के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर इन दिनों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर तैनात कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। कई दिनों से चक्कर काटने के बावजूद कभी बुकिंग, तो कभी केवाईसी या कागजी कमी बताकर गैस देने से मना कर दिया जाता है। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें पर्ची देने के बाद भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।


ग्राम मलजनी निवासी राधेश्याम, शहनाज बेगम, नवलेश कुमार व अजब सिंह समेत कई लोगों ने बताया कि उन्हें तीन-चार दिन पहले पर्ची दे दी गई थी, लेकिन अब तक गैस नहीं मिली। वे रोजाना एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं और खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
निलोई गांव निवासी शहनाज बेगम पत्नी अनवार खान ने बताया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन लिया था। उनकी बुकिंग 26 मार्च को की गई थी, डीएसी नंबर मिलने के बावजूद अभी तक सिलेंडर नहीं दिया गया। उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक पर मोबाइल नंबर बदलकर डीएसी नंबर अपने सिस्टम पर मंगाने और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने के भी आरोप लगाए हैं।
बताया गया कि लोग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन गैस सप्लाई वाहन समय पर नहीं पहुंचता। एजेंसी का गोदाम करीब 40 किलोमीटर दूर फिरोजाबाद जिले के गांव खरौआ में होने से समस्या और बढ़ गई है। बुधवार और गुरुवार को सप्लाई बाधित रहने से लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
फोटो:इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए कतार में खड़े परेशान लोग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *