एनसीसी प्रशिक्षण कैंप का ग्रुप कमांडर द्वारा निरीक्षण, कैडेट्स को अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का दिया संदेश

इटावा। 4 यूपी बटालियन एन.सी.सी. इटावा द्वारा एमनीव विज़न स्कूल, साँई सिटी उदयपुरा, फर्रूखाबाद रोड, इटावा में आयोजित 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण कैंप का आज आगरा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव (युद्ध सेवा मेडल) द्वारा निरीक्षण किया गया।

कैंप में पहुंचने पर कैंप कमांडेंट कर्नल सुधांशु द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश एवं सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल) ने उनका स्वागत एवं अगवानी की। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स द्वारा ग्रुप कमांडर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव ने कैंप में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया तथा कैडेट्स से संवाद कर उनके प्रशिक्षण संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश का भविष्य हैं और अनुशासन, समर्पण एवं कठिन परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी पहचान है।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए तथा अनुशासन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंप में दी जा रही प्रत्येक प्रशिक्षण गतिविधि को गंभीरता एवं लगन के साथ सीखें, क्योंकि यही प्रशिक्षण भविष्य में उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाएगा।

कैडेट्स के संबोधन के उपरांत ब्रिगेडियर सुरेंद्र पाल यादव ने कैंप के प्रशिक्षण क्षेत्र, कुक हाउस, लिविंग एरिया, स्टोर एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा कैंप की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर उन्होंने यह भी बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक, एनसीसी मुख्यालय लखनऊ के मेजर जनरल गौरव गौतम (विशिष्ट सेवा मेडल) का कैंप निरीक्षण हेतु आगमन प्रस्तावित है।

कैंप के निरीक्षण के दौरान सूबेदार सुधीर कुमार, नायब सूबेदार देवेंद्र सिंह, कंपनी हवलदार मेजर विजयंत सिंह चौहान, सरवन सिंह, मेजर अवधेश कुमार, कैप्टन अजय यादव, लेफ्टिनेंट प्रशांत कमल, रणजीत चौहान, सेकंड ऑफिसर रवि दत्ता, अनित बालियान, जीसीआई रागिनी पाल, क्लर्क ए.पी. त्रिपाठी, रतन कुमार एवं मुकेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *