बकरीद को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, सौहार्द व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

इटावा, 26 मई 2026। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की।


बैठक में जिलाधिकारी ने धार्मिक प्रबुद्धजनों, संभ्रांत नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए बकरीद के अवसर पर आपसी भाईचारा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार पर किसी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए तथा पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी दी जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी और किसी भी दशा में खुले में कुर्बानी नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद अपशिष्ट एवं अवशेष खुले में न फेंके जाएं। उन्होंने विद्युत विभाग को जर्जर तारों को समय रहते दुरुस्त कराने तथा त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर निकायों को साफ-सफाई, चूने का छिड़काव एवं सफाई कर्मचारियों की पूर्व से ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड न किए जाएं। साथ ही अवशेषों के निस्तारण हेतु पर्याप्त संख्या में गहरे गड्ढे खुदवाकर उनमें ब्लीचिंग, नमक एवं चूना डालकर उचित तरीके से ढंकवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी जनपदवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांति, भाईचारे एवं परस्पर सम्मान के साथ मनाने की अपील की।
इस अवसर पर एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला सूचना अधिकारी नीलम यादव, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्र, श्याम बच्चन सरोज, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रदीप देशमणि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *