इटावा, 28 मई 2026। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल, मानिकपुर मोड़, ग्वालियर बाईपास, इटावा में आयोजित समर कैंप लगातार बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 21 मई से प्रारंभ हुए इस समर कैंप में विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक, शैक्षिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आज समर कैंप में ADIOS डॉ. मुकेश यादव जी एवं एच.एन. पब्लिक इंटर कॉलेज के चेयरमैन श्री पवन यादव जी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर बच्चों द्वारा तैयार की गई विभिन्न गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों का अवलोकन किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कला एवं शिल्प, कंप्यूटर गतिविधियों, योग, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक प्रदर्शनों को देखकर उनकी प्रतिभा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
बच्चों की कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का उच्च स्तर देखकर दोनों अतिथि अत्यंत प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा बच्चों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
समर कैंप का प्रमुख आकर्षण बना शूटिंग रेंज, जहां विद्यार्थियों को प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर डॉ. मुकेश यादव जी एवं श्री पवन यादव जी स्वयं भी शूटिंग रेंज में उतरे और निशानेबाजी का अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना करते हुए इस गतिविधि को अत्यंत रोचक एवं प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए समर कैंप के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी कौशल, रचनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास प्रदान करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। समर कैंप में बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का उत्साह लगातार बना हुआ है और आगामी दिनों में भी अनेक रोचक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
