इटावा। प्रसिद्ध समाजसेवी प्रियांशु उर्फ राजू गुप्ता का जन्मदिन इस वर्ष “सेवा संकल्प दिवस” के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे इटावा शहर में सामाजिक सेवा एवं मानवता को समर्पित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
जन्मदिन के अवसर पर मानव सेवा का संदेश देते हुए लगभग 25 यूनिट रक्तदान किया गया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर भंडारा एवं शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर भेंट की गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हेलमेट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

इसके अतिरिक्त जरूरतमंद लोगों एवं बच्चों को उपयोगी किट्स वितरित की गईं तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कई स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग और मानवता का विशेष संदेश देखने को मिला।
इस अवसर पर राजू गुप्ता ने कहा कि “समाज सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि वे पिछले लगभग दस वर्षों से निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करते आ रहे हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा का कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
“सेवा संकल्प दिवस” के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा राजू गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।
