डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ, बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद

इटावा, 28 जून। जनपद में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को “पोलियो बूथ दिवस” का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने जिला महिला चिकित्सालय से किया। इस दौरान उन्होंने नौनिहाल बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की और जनपदवासियों से 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर एवं आजीवन दिव्यांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है। भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक यह दवा पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पूर्व में पोलियो बूथों पर बच्चों की उपस्थिति कम रही है या जहां जागरूकता का अभाव है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। ऐसे क्षेत्रों में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में डॉ. सतेंद्र यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *