राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में एससीए शूटिंग अकैडमी इटावा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

इटावा। फील्ड एंड टार्गेट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 30 एवं 31 मई 2026 को रामनगर, ढेला रेंज, उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में इटावा की एससीए शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक अपने नाम किए तथा जनपद का गौरव बढ़ाया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों एवं संस्थानों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित देश के कई राज्यों के खिलाड़ी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त सर्विसेज टीम तथा सीआईएसएफ के खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन किया। देशभर से आए प्रतिभागियों की उपस्थिति ने प्रतियोगिता को अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं उच्च स्तर का बना दिया।

18 मीटर क्रॉसबो शूटिंग स्पर्धा में अंडर-10 बालक वर्ग में सूर्य ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-14 बालिका वर्ग में समृद्धि ने स्वर्ण पदक तथा प्रियांशी ने रजत पदक हासिल किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में युवराज यादव ने स्वर्ण पदक, साहिल ने रजत पदक, अमरेश ने रजत पदक, अभिषेक ने रजत पदक तथा सरन ने कांस्य पदक जीतकर अकैडमी का नाम रोशन किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में स्पर्शिका ने रजत पदक अपने नाम किया।

मिक्स्ड टीम स्पर्धा में आंजल श्रीवास्तव ने रजत पदक प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में विशाल सिंह ने कांस्य पदक तथा मास्टर्स वर्ग में डॉ. गंगा सिंह ने रजत पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में एससीए शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। इस उपलब्धि के साथ अकैडमी के कई खिलाड़ियों ने आगामी माह यूरोप के चेक रिपब्लिक में आयोजित होने वाली वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के लिए भी अपना चयन सुनिश्चित किया है।

प्रतियोगिता के दौरान इटावा के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं खेल क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में राजीव कुमार, हेमंत सिकेरा, सुमित कुसवा तथा मोहित यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि, कोच, तकनीकी अधिकारी एवं विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे।

ये सभी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता कोच चंद्रमोहन तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ी एससीए शूटिंग अकैडमी में नियमित अभ्यास करते हैं और लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

कोच चंद्रमोहन तिवारी ने बताया कि अकैडमी के खिलाड़ी न केवल क्रॉसबो शूटिंग बल्कि राइफल एवं पिस्टल शूटिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक जीतकर अपने माता-पिता, कोच, जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास उन्हें भविष्य में बड़ी सफलताओं तक पहुंचाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *