पंकज चौधरी बने ब्राह्मण समाज महासभा के जिलाध्यक्ष, संगठन में कई नए पदाधिकारियों की घोषणा

इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित ब्राह्मण समाज महासभा के प्रदेश कार्यालय में संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष पंडित अरुण दुबे उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक महेंद्र भारती दुबे ने की।

बैठक की शुरुआत संगठन के वर्तमान जिलाध्यक्ष एस.के. दीक्षित को उनके कार्यकाल के लिए बधाई देकर की गई। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने एस.के. दीक्षित को प्रदेश उपाध्यक्ष, मेजर अनिल चतुर्वेदी एवं देवकीनंदन त्रिपाठी को प्रदेश मंत्री मनोनीत किया। साथ ही तीनों पदाधिकारियों को क्रमशः औरैया, मैनपुरी एवं फिरोजाबाद जनपदों में संगठन के विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इटावा जिला कार्यकारिणी के गठन के तहत पंकज चौधरी को ब्राह्मण समाज महासभा का नया जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। वहीं पंडित शिवम दुबे को लगातार तीसरी बार युवा जिलाध्यक्ष, मंजू पांडे को महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष तथा आकाश तिवारी को व्यापार प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में जनपद के सभी आठ विकासखंडों के ब्लॉक अध्यक्षों की भी घोषणा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंडित अरुण दुबे ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में इटावा इकाई ने पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप संगठन की पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन समाज के लोगों के साथ होने वाले अन्याय के विरुद्ध आगे भी मजबूती से संघर्ष करता रहेगा तथा सामाजिक न्याय और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *