इटावा। यश इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में नर्सरी कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। बच्चों की सुंदर प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से भर गया।

समारोह का विशेष आकर्षण दही-हांडी कार्यक्रम रहा। विद्यालय के पुरुष शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और सामूहिक भावना के साथ दही-हांडी कार्यक्रम में भाग लिया। उनके जोश और उमंग ने समारोह की शोभा बढ़ा दी।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रद्धा दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, सत्य, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। हमें अपने त्योहारों के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना चाहिए।”

विद्यालय के उपाध्यक्ष प्रशांत भदौरिया ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में अपनी परंपराओं और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।”
पूरे विद्यालय परिसर में “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से उत्सव का वातावरण आनंदमय हो उठा।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम ने सभी के मन में प्रेम, आनंद, सहयोग और एकता की भावना को और मजबूत किया।
यश इंटरनेशनल स्कूल परिवार की ओर से सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ।
