भारत विकास परिषद तुलसी ने आयोजित किया ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम, 21 गुरुजनों व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

इटावा। “बंदऊँ गुरु पद पदुम परागा, सुरुचि सुबास सरस अनुरागा” की भावभूमि के साथ भारत विकास परिषद इटावा तुलसी शाखा द्वारा ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केवलानंद विद्यालय, भरथना के चेयरमैन रोहन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी के जीवन में गुरु का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी का पहला गुण गुरु के प्रति आदर का भाव होना चाहिए और दूसरा गुण विनम्रता है। उन्होंने कहा कि विनम्रता के बिना शिष्य गुरु से ज्ञान अर्जित नहीं कर सकता।

तुलसी शाखा अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा एवं नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिषद द्वारा प्रतिवर्ष ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के 21 गुरुजनों तथा उन्हीं विद्यालयों के एक-एक सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी को भारत विकास परिषद इटावा तुलसी शाखा की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अच्युत कृष्ण मिश्रा, डॉ. कैलाश चंद्र यादव, डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, शमीम बेगम, मौसमी पाल, शशि दीक्षित, अनीता वर्मा, संगीता सिंह, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित परिषद के अन्य सदस्यों एवं विद्यालय परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *