इटावा। रविवार को इटावा में महानवादी पार्टी द्वारा संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के संगठन का विस्तार करते हुए बड़ी संख्या में नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे महानवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश लोधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति साझा की।
हरीश लोधी ने कहा कि महानवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा से मेल खाने वाले संगठन और दलों के साथ भविष्य में राजनीतिक सहयोग पर भी विचार किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज युवा वर्ग सबसे अधिक परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं हैं और जिनके पास रोजगार था, वह भी छिनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की भर्तियां बार-बार रद्द हो जाती हैं तथा कई मामलों में परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। संकल्प यात्रा के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
महानवादी पार्टी की संकल्प यात्रा, 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
