इटावा। शहर के शिव शक्ति दुर्गा मंदिर, शिवा कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के सातवें एवं अंतिम दिवस पर कथा व्यास पूज्य आचार्य महेश चंद्र पांडेय महाराज ने सुदामा चरित एवं राजसूय यज्ञ का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के समापन अवसर पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए तथा भगवान श्रीकृष्ण की जय-जयकार से पूरा पंडाल गूंज उठा।

कथा के दौरान आचार्य महेश चंद्र पांडेय महाराज ने दान की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सच्चे दान का कभी प्रचार-प्रसार नहीं करना चाहिए। दान ऐसा हो कि एक हाथ से दान देने पर दूसरे हाथ को भी इसकी जानकारी न हो। उन्होंने कहा कि दान में दी गई वस्तु को कभी वापस लेने का विचार भी नहीं करना चाहिए, तभी दान का वास्तविक पुण्य प्राप्त होता है।

इस अवसर पर कथा आयोजक एडवोकेट अनिल कुमार गौर ने शिव शक्ति दुर्गा मंदिर की संकीर्तन मंडल की महिलाओं को मंच पर माता रानी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री एडवोकेट नितिन तिवारी, एडवोकेट साकेत शुक्ला, एडवोकेट संगीत अग्रवाल, एडवोकेट कुलदीप यादव, एडवोकेट सोमिल सहित अन्य अधिवक्ताओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

कथा के अंत में आयोजकों ने बताया कि सोमवार को प्रातः हवन-पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
