इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम इकनौर की मड़ियां निवासी देवेंद्र सिंह निषाद पुत्र देवीचरण निषाद पर जमुना नदी में मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित देवेंद्र सिंह निषाद ने बताया कि सोमवार को वह गांव के किनारे अपनी भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी भैंस जमुना नदी पार निकल गई। उनकी बच्ची ने उन्हें जानकारी दी कि भैंस नदी के दूसरी ओर चली गई है। इसके बाद वह भैंस को वापस लाने के लिए जमुना नदी में उतर गए।

उन्होंने बताया कि जब वह भैंस को लेकर वापस लौट रहे थे तभी अचानक नदी में मौजूद मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें जकड़ लिया। मगरमच्छ के हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना के दौरान गांव निवासी राजू पुत्र देवीदयाल ने उन्हें नदी में फंसा देखा। राजू ने साहस का परिचय देते हुए ग्रामीणों की मदद से देवेंद्र को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में सोमवार से उनका लगातार उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक के शरीर पर मगरमच्छ के हमले के गहरे निशान पाए गए हैं।
पीड़ित ने बताया कि क्षेत्र में पहले कभी इस तरह की घटना सामने नहीं आई थी। मगरमच्छ के हमले की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जमुना किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा वन विभाग की टीम भेजकर मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
