इटावा।केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा पहले घोषित हो चुके कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणामों में दिल्ली पब्लिक स्कूल, इटावा के होनहार छात्र अभिनव वर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का ऐसा परचम लहराया है कि हर कोई दंग है। पहले 98.60 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप करने वाले अभिनव के अंक अब कॉपियों की दोबारा जांच यानी पुनर्मूल्यांकन के बाद बढ़कर 99.4 प्रतिशत हो गए हैं। इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कामयाबी के साथ अभिनव ने न केवल जिले में अपना पहला स्थान मजबूती से बरकरार रखा है, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
अभिनव वर्मा ने 99.4 प्रतिशत अंक लाकर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो आज से पहले इटावा जिले के इतिहास में कोई भी छात्र नहीं छू सका है। शिक्षा जगत के जानकारों और वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, इतने ऊंचे प्राप्तांक के साथ अभिनव इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश के सीबीएसई बोर्ड के संभावित टॉपर भी बन गए हैं। उनकी इस अविश्वसनीय सफलता ने पूरे प्रदेश का ध्यान इटावा की ओर खींचा है।
दोबारा जांच के बाद आए परिणाम बेहद शानदार रहे हैं। जिले और प्रदेश में शीर्ष पर पहुंचने के साथ ही अभिनव वर्मा को लेखाशास्त्र, व्यावसायिक अध्ययन और व्यावहारिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों में 100 में से 100 पूरे अंक मिले हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से न सिर्फ उनके परिवार में बल्कि पूरे स्कूल में जश्न का माहौल है।
दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा की प्रधानाचार्या भावना सिंह ने खुशी जताते हुए बताया कि पुनर्मूल्यांकन के परिणामों में अभिनव वर्मा ने जो कर दिखाया है, उस पर पूरे स्कूल और जिले को गर्व है। वहीं अपनी इस सफलता पर अभिनव वर्मा ने कहा कि उनकी कामयाबी का पूरा श्रेय स्कूल के शिक्षकों के सही मार्गदर्शन, उनकी अपनी मेहनत और माता-पिता के सहयोग को जाता है।
इस बड़ी उपलब्धि पर डीपीएस इटावा के चेयरमैन डॉ विवेक यादव ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता दिल्ली पब्लिक स्कूल, इटावा की पढ़ाई के उच्च स्तर का एक जीता-जागता प्रमाण है। इसके साथ ही वाइस चेयरपर्सन डॉ प्रीति यादव और प्रधानाचार्या भावना सिंह ने भी अभिनव को आगे के भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल के बाकी छात्र भी अभिनव की इस सफलता से सीख लेकर जीवन में ऐसे ही आगे बढ़ने की प्रेरणा लेंगे।
