इटावा।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में इटावा एवं औरैया जनपद में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” के अनुरूप आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 1050 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कैडेट्स ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक श्री अखिलेश चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि योग हर आयु वर्ग के लिए उपयोगी है और यह दीर्घकालिक स्वास्थ्य एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाएं और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।
कैडेट्स ने “करो योग, रहो निरोग” के संदेश के साथ जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि योग एक सरल, सुलभ और प्रभावी उपाय है, जो जीवन को स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान बनाता है।
इसी क्रम में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के योग संगम अभियान 2026 के तहत एनसीसी अधिकारियों, कैडेट्स एवं पीआई स्टाफ द्वारा पंजीकरण भी किया गया, जिसमें सभी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष योग संगम अभियान के माध्यम से विश्व भर में 260 करोड़ से अधिक लोगों ने सहभागिता कर इसे विश्व का सबसे बड़ा योग आयोजन बनाया था।

योग संगम में भाग लेने हेतु सभी को प्रेरित किया गया। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि आयोजन में सहभागिता करने वाले संस्थानों को आयुष मंत्रालय द्वारा ई-प्रमाणपत्र (योग संगम पत्र) प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें समाज में स्वास्थ्य एवं कल्याण के अग्रदूत के रूप में स्थापित होने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में बटालियन के सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल), एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षण स्टाफ तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं योग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स ने नियमित योग करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
