इटावा। अपराध नियंत्रण और स्मार्ट पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव को शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जनपद भ्रमण के दौरान एडीजी ने इटावा पुलिस द्वारा राज्य सरकार की स्मार्ट पुलिसिंग पहल के तहत विकसित ‘यक्ष ऐप’ के प्रभावी उपयोग की सराहना की। प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया कि एसएसपी के नेतृत्व में यक्ष ऐप के ब्रॉडकास्टिंग फीचर का उपयोग करते हुए पुलिस ने मात्र 12 घंटे में लूट की घटना का सफल खुलासा कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। साथ ही लूटी गई पूरी धनराशि, अवैध शस्त्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
इसके अलावा सिर्फ चार घंटे के भीतर टप्पेबाजी की घटना का भी सफल अनावरण करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर चोरी गए स्वर्णाभूषण बरामद किए गए।
इसी क्रम में इटावा पुलिस ने एसएसपी के नेतृत्व में अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.10 लाख रुपये नकद, अवैध असलाह, कारतूस, स्कॉर्पियो वाहन तथा चोरी की डीसीएम के पुर्जे बरामद किए।
अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने इटावा पुलिस की आधुनिक तकनीक आधारित कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण में दक्षता और प्रभावी नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि इटावा पुलिस भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना के साथ उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी।
यक्ष ऐप की सफलता पर एसएसपी इटावा सम्मानित, एडीजी ने दिया प्रशस्ति पत्र
