इटावा। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र नसियां जी में शनिवार को जलधारा मेला महोत्सव एवं पालकी यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से आयोजित की गई। कार्यक्रम में परम पूज्य सप्तम पट्टाचार्य शिष्य केसरी श्रमण मुनि श्री 108 विशल्य सागर जी महाराज ससंघ का आशीर्वाद रहा।दोपहर में श्रीजी को पालकी में विराजमान कर पीले वस्त्र धारण कराए गए।
श्रद्धालुओं को श्रीजी की पालकी उठाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। गाजे-बाजे के साथ पालकी यात्रा मंदिर प्रांगण से नेपाली आश्रम होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। इसके बाद जलाभिषेक, शांतिधारा, संगीतमय पूजन, जलधारा एवं श्रीजी की भव्य महाआरती की गई।

महोत्सव का विशेष आकर्षण 21 फुट ऊंची भगवान महावीर की प्रतिमा का महामस्तकाभिषेक रहा। अभिषेक प्रथम कलश शांति स्वरूप जैन द्वितीय डाक्टर सी के जैन तृतीय आनंद कुमार सौरभ जैन जैन परिवार को सौभाग्य प्राप्त हुआ। भक्ति संगीत के बीच महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भक्ति नृत्य में झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

इटावा के अलावा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में शामिल होने पहुंचे।आयोजक समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार जैन (संजू ठेकेदार), कोषाध्यक्ष सुभाष चंद्र जैन (मेजर), सह कोषाध्यक्ष नवनीत जैन (बबुआ) एवं महामंत्री धर्मेंद्र कुमार जैन (एड.) मीडिया प्रभारी महावीर प्रसाद जैन,अजीत बाबू जैन सुर्दशन जैन विमल किशोर जैन गोलू जैन आदि ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। महोत्सव का आयोजन मंदिर की समस्त ट्रस्टी एवं कार्यकारिणी तथा सकल दिगंबर जैन समाज के सहयोग से किया गया।

