इटावा। संस्कृति युवा संस्थान द्वारा कला, शिक्षा, समाज सेवा, व्यवसाय और प्रवासी भारतीयों के राष्ट्रहित में योगदान के लिए दिया जाने वाला प्रतिष्ठित ‘भारत गौरव अवार्ड 2026’ इस वर्ष विजनरी शिक्षाविद और पूर्व भारतीय इंडोर क्रिकेट कप्तान डॉ. विवेक यादव को प्रदान किया जाएगा। राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने वाली 11 विभूतियों की इस सूची में इटावा के इस सपूत का नाम शिक्षा क्षेत्र से शीर्ष पर है।
शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन के सूत्रधार
सर मदनलाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव के दूरदर्शी नेतृत्व में ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी पृष्ठभूमि के 10,000 से अधिक छात्र-छात्राएं आज प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के साथ साथ मैनेजमेंट, सूचना प्रौद्योगिकी, नर्सिंग और मेडिकल जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल, इटावा और संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल इटावा उप्र और भिंड मप्र के चेयरमैन के रूप में वे स्कूली स्तर पर ही वैश्विक मानकों को स्थापित कर रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का परचम लहराया
डॉ. यादव ने 2002 वर्ल्ड कप, वेलिंगटन, न्यूजीलैंड में भारतीय इंडोर क्रिकेट टीम का कप्तान के रूप में नेतृत्व किया। इसके बाद 2004 वर्ल्ड कप, कोलंबो, श्रीलंका और 2006 वर्ल्ड कप, ब्रिस्टल, इंग्लैंड में उप-कप्तान के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया।
वैश्विक मंच पर सम्मान
डॉ. यादव के शैक्षिक सुधारों की गूंज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर सुनाई दे रही है। उन्हें वर्ष 2019 में ब्रिटिश पार्लियामेंट, हाउस ऑफ कॉमन्स, लंदन में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2024 में पोर्ट लुइस, मॉरीशस में मॉरीशस के राष्ट्रपति, विदेश मंत्री एवं शिक्षा मंत्रालय द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया। अब उनके क्रांतिकारी कार्यों के लिए 10 जून 2026 को ऑस्ट्रेलिया की विक्टोरियन पार्लियामेंट, मेलबर्न में एक विशेष समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
भारत गौरव अवार्ड 2026
संस्कृति युवा संस्थान द्वारा दिया जाने वाला यह सम्मान इस वर्ष डॉ. विवेक यादव सहित संवर हर्षवाल – फाउंडर, हर्षवाल एंड कंपनी, अमेरिका, श्रीमती अमृता फडणवीस – बैंकर, गायिका एवं समाज सेविका, श्रीमती राधिका मर्चेंट – बिजनेस लीडर एवं परोपकार अधिवक्ता, पद्म श्री डॉ. सोमा घोष – प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका, योगाचार्य ढकाराम – योग गुरु, श्री प्रकाश चंद्र शर्मा – स्वतंत्र पत्रकार, श्रीमती कौशल्या वीरजीभाई वघेला – पूर्व सांसद, मेलबर्न, डॉ. अशोक जैन – प्रोफेशनल, अमेरिका, श्री नरेंद्र भाना – कम्युनिटी लीडर, न्यूजीलैंड, तथा स्व. पद्म श्री एवं पद्म विभूषण श्री पीयूष पांडे – विज्ञापन जगत के दिग्गज को प्रदान किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित सम्मान पूर्व में पद्म भूषण श्री जावेद अख्तर – कवि, गीतकार एवं पटकथा लेखक, श्री शैलेश लोढ़ा – कवि, अभिनेता एवं लेखक, श्री मनोज मुंतशिर शुक्ला – कवि एवं गीतकार, तथा श्री अन्नू कपूर – प्रख्यात अभिनेता जैसी विभूतियों को प्रदान किया जा चुका है।
