राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के समक्ष उठाए इटावा व सैफई स्टेशन से जुड़े अहम मुद्दे

इटावा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के साथ प्रयागराज रेल मंडल क्षेत्र के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों की आयोजित बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो रामगोपाल यादव ने इटावा और सैफई रेलवे स्टेशनों से संबंधित महत्वपूर्ण मांगें उठाईं। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए नई ट्रेनों के ठहराव के साथ-साथ स्टेशन के आधारभूत ढांचे में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को सुबह 5:30 बजे मगध एक्सप्रेस और 9:30 बजे गोमती एक्सप्रेस के बाद शाम 3:30 बजे तक कोई अन्य प्रमुख ट्रेन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में प्रतिदिन लगभग सुबह 11 बजे इटावा से गुजरने वाली 12561 अप स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का इटावा स्टेशन पर ठहराव कराया जाना आवश्यक है। इसके अलावा 12987/12988 अजमेर–सियालदह एक्सप्रेस का भी इटावा स्टेशन पर स्टॉपेज दिए जाने की मांग की, जिससे इटावा से अजमेर जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिल सके।

बैठक में उन्होंने इटावा रेलवे स्टेशन के विकास से जुड़ी कई मांगें भी रखीं। उन्होंने कहा कि फ्रेंड्स कॉलोनी की ओर बनी नई स्टेशन बिल्डिंग तैयार होने के बावजूद अभी तक शुरू नहीं हुई है तथा वहां एस्केलेटर की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए शीघ्र एस्केलेटर लगाए जाएं। साथ ही नई स्टेशन बिल्डिंग के पास बने नए फुटओवर ब्रिज को प्लेटफॉर्म-1 से जोड़ा जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि प्लेटफॉर्म-1 को प्लेटफॉर्म-2, 3, 4 और 5 से जोड़ने वाला पुराना फुटओवर ब्रिज, जो लंबे समय से बंद है, उसे पुनः चालू किया जाए। इसके अलावा इटावा स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 22 से 24 हजार यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सभी प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त टीनशेड की व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात और गर्मी के मौसम में यात्रियों को राहत मिल सके।

सांसद ने प्लेटफॉर्म-1, 4 और 5 की लंबाई बढ़ाने की भी मांग की। उनका कहना था कि वर्तमान में कई बार दिव्यांग और जनरल कोच प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाते हैं, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है।

इसके अतिरिक्त प्रो. रामगोपाल यादव ने सैफई रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से अपग्रेड करने तथा वहां व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग भी महाप्रबंधक के समक्ष प्रमुखता से रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *