इटावा। शहर के शिव शक्ति दुर्गा मंदिर, शिवा कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के तृतीय दिवस पर पूज्य आचार्य महेश चंद्र पाण्डेय जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को समस्त पापों से मुक्त कर आत्मिक शांति एवं मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण ही मानव जीवन के उत्थान का एकमात्र साधन है, जिसके माध्यम से सभी प्रकार के दुःखों से मुक्ति प्राप्त की जा सकती है।

कथा के दौरान आचार्य श्री ने भक्त प्रह्लाद चरित्र का अत्यंत मार्मिक वर्णन करते हुए बताया कि अटूट श्रद्धा, सच्ची भक्ति और ईश्वर में अडिग विश्वास रखने वाले भक्त की भगवान सदैव रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि भक्त प्रह्लाद ने विपरीत परिस्थितियों में भी भगवान विष्णु का स्मरण नहीं छोड़ा, जिसके परिणामस्वरूप भगवान नरसिंह ने प्रकट होकर अपने भक्त की रक्षा की और अधर्म का अंत किया। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव से भाव-विभोर हो गए तथा भगवान नरसिंह के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ विश्व कल्याण की कामना की गई।

कथा का आयोजन एडवोकेट अनिल कुमार गौर एवं उनकी पत्नी मंजू गौर (पूर्व अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन इटावा, प्रदेश उपाध्यक्ष ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन एवं अध्यक्ष जनता इंटर कॉलेज, मीठेपुर) के परीक्षितत्व में किया जा रहा है। यज्ञकर्ता एडवोकेट मनोज कुमार सिंह गौर एवं उनकी पत्नी ममता गौर तथा प्रबंधक जनता इंटर कॉलेज, मीठेपुर हैं।

इस अवसर पर सहायक कथा वाचक आचार्य सौरभ पांडे, गौरव पांडे, पैड प्लेयर मोहित पांडे, नाल वादक छोटू पांडेय, एडवोकेट अक्षय प्रताप सिंह, अरविंद धनगर, डॉ. गुलाबचंद चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं श्रोतागण उपस्थित रहे।
