भरथना, 10 सितंबर। सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, इटावा के तत्वावधान में जयोत्री अकादमी, भरथना में आयोजित अंतरविद्यालयीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल कर अपना दबदबा कायम किया। प्रतियोगिता में जिले के 13 प्रमुख विद्यालयों के 60 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं अखंड ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल एवं प्रधानाचार्य योगेंद्र नाथ मिश्रा ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष एवं नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स के प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं पुलिस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा, सचिव एवं एमनीव विजन स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा, ऑब्जर्वर एवं अवध इंटरनेशनल की प्रधानाचार्या ज्योति दुलानी, होली पॉइंट अकादमी के निदेशक पी.जी. पाण्डेय एवं प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा, एसपीएस जसवंतनगर की प्रधानाचार्या बरखा शर्मा, थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनूप मिश्रा, एसआर मेमोरियल के प्रधानाचार्य रॉय ब्रिजेज तथा पान कुँअर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य एवं सिटी ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर डॉ. कैलाश यादव मौजूद रहे।

डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम हैं। वहीं जयोत्री अकादमी के संस्थापक एवं भरथना के पूर्व चेयरमैन मनोज पोरवाल ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
जूनियर वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल के सार्थक और पार्थ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सुंदिति ग्लोबल अकादमी ने रजत, जबकि एमनीव विजन स्कूल ने कांस्य पदक हासिल किया।

सीनियर वर्ग के फाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल और सेंट मैरी इंटर कॉलेज के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। वत्सल और हर्षित के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली पब्लिक स्कूल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सेंट मैरी इंटर कॉलेज को रजत तथा नारायणा कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स को कांस्य पदक मिला।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रशिक्षकों गजेंद्र, आरिफ, नूरी, यादवेंद्र, हरित, अजय, सौरव, रेहान, मजहर, विकेश, आशीष, संजीव एवं भानु ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जयोत्री अकादमी के भोला सिंह एवं अमित तिवारी ने खिलाड़ियों के खेल कौशल पर विशेष ध्यान दिया।
विद्यार्थी देव प्रताप एवं ऋषभ राठौर ने स्कोरर की भूमिका निभाई, जबकि अजय, रेहान, हरीश, भानु एवं नूरी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर ऑब्जर्वर ज्योति दुलानी ने विजेताओं की घोषणा की। पुरस्कार वितरण डॉ. कैलाश यादव, डॉ. नितिन पोरवाल एवं योगेंद्र नाथ मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन अश्वनी, काजल रुखसार एवं आशीष दीक्षित ने किया। आयोजन को सफल बनाने में भोला सिंह, अमित तिवारी, धर्मेंद्र यादव, सुमित यादव, रोहित कुमार एवं युसूफ का विशेष योगदान रहा।
